चैत्र नवरात्र नव वर्ष दिवस पर कविता

धार्मिक दृष्टि से यह दिन बेहद खास है। पौराणिक मान्यता अनुसार ब्रह्माजी ने चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से ही सृष्टि की रचना शुरू की थी। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से हिंदू नववर्ष प्रारंभ होता है और इसी दिन चैत्र नवरात्रि (Chaitra Navratri ) का पर्व भी शुरू होता है।

durgamata

चैत्र नवरात्र नव वर्ष दिवस पर कविता

शीर्षक:- नूतन वर्ष मनायें।

आया पावन पर्व हमारा,
नूतन वर्ष मनायें,
चलें साथ सब नव विकास पथ,
सुख-समृद्धि घर लायें।टेक।

फसलें झूम रहीं खेतों में ,
अनुपम छटा निराली ,
बौराया हर बाग-बगीचा,
मलय सुरभि मतवाली।
रोम-रोम में नवल चेतना,
गीत खुशी के गायें।
आया पावन पर्व हमारा,
नूतन वर्ष मनायें।1।

पुलकित मन उल्लास नया है,
अभी-अभी मधुमास गया है,
खग-कुल कलरव डाल-डाल पर,
कोंपल मधुर पराग नया है।
बहॅके कदमों से चल कर के,
नई खुशी घर लायें।
आया पावन पर्व हमारा,
नूतन वर्ष मनायें।2।

क्षिति-जल-अम्बर झूम रहे हैं,
रश्मि-रथी-पथ घूम रहे हैं,
सुखदाई ऋतु का परिवर्तन,
भ्रमर कली को चूम रहे हैं।
नवल चेतना दिग्दिगंत में,
आओ हम बिखरायें।
आया पावन पर्व हमारा,
नूतन वर्ष मनायें।3।

घर-घर पूजन हवन करें सब,
तोरण-द्वार सजा लेते हैं,
संस्कार,संस्कृति में रहकर,
मानव-धर्म निभा लेते हैं।
ताशा,ढ़ोल,मंजीरा बाजे,
जन-जन मन हरषायें।
आया पावन पर्व हमारा,
नूतन वर्ष मनायें।4।

हरिश्चन्द्र त्रिपाठी ‘हरीश’,
रायबरेली (उप्र) 229010
9415955693

Leave A Reply

Your email address will not be published.