चमकते सितारे/ आशीष कुमार

star

चमकते सितारे

नन्हे नन्हे और प्यारे प्यारे
आसमान में चमकते सितारे
देखा दूर धरती की गोद से
लगता पलक झपकाते सारे

ऊपर कहीं कोई बस्ती तो नहीं
जहाँ के चिराग दिखाएँ नजारे
उड़ा ले गया कोई जुगनुओं को
आकाशगंगा सा टिमटिमाते सारे

जला आया कोई दीपक लाखों
या मोमबत्तियाँ धरती को निहारें
लालटेनों की रोशनी तो नहीं
जो सुबह-सवेरे बुझ जाते बेचारे

जड़ दिए हो किसी ने हीरे-मोती
शान से उस जहाँ में दमकते न्‍यारे
छुपते कभी बादलों की ओट में
आँख मिचौली जैसे करते सारे

हम भी चमके आसमान में
घर वाले हैं कहते हमारे
ध्रुव तारा या सप्तर्षि सा बन
यूँ ही सबके हो जाते दुलारे

  • आशीष कुमार
    मोहनिया, कैमूर, बिहार
Scroll to Top