प्रेम रंग होली हिंदी कविता- आरती सिंह

होली वसंत ऋतु में मनाया जाने वाला एक महत्वपूर्ण भारतीय और नेपाली लोगों का त्यौहार है। यह पर्व हिंदू पंचांग के अनुसार फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है। होली रंगों का तथा हँसी-खुशी का त्योहार है। यह भारत का एक प्रमुख और प्रसिद्ध त्योहार है, जो आज विश्वभर में मनाया जाने लगा है। विकिपीडिया

प्रेम रंग होली हिंदी कविता

holi-kavita-in-hindi
holi-kavita-in-hindi

नफरतों की होलिका
जलाई जब भी जाएगी
प्रेम रंग उड़ेंगे
होली मनाई जाएगी
हरे-लाल-पीले-
नीले-गुलाबी रंगों से
अंतरमन प्रीत की
दीवार रंगी जाएगी |

घृणा, अहम् -भावों के
हिरण्यकश्यपों के बीच
एक प्रहलाद की ही
भक्ति याद आएगी
तोड़ सारे पाप-बंध
नाम हरि का लिए संग
अनल गोद बैठ के
आंच भी ना आएगी |

एक प्रेम शाश्वत है
सत्ता नहीं पाप की
काल के भी गाल पर
लाली लगाई जाएगी
होलिकादहन में आज
त्याग करें बुरे काज
तभी शुद्ध मानवता
फाग गीत गायेगी |

नफरतों की होलिका
जलाई जब भी जाएगी
प्रेम रंग उड़ेंगे
होली मनाई जाएगी |

– आरती सिंह

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top