बिटिया की शादी कर दूंगा

बिटिया की शादी कर दूंगा

शादी
shadi


. °°°°°°
अब के सब कर्जे भर दूंगा,
बिटिया की शादी कर दूंगा।।

खेत बीज कर करी जुताई,
अबकी होगी बहुत कमाई।
शहर भेजना, सुत को पढ़ने।
भावि जीवन उसका गढ़ने।
गिरवी घर भी छुड़वा लूंगा,
बिटिया की शादी कर दूंगा।।

फसल बिकेगी,चारा होगा,
दुख हमने ही सारा भोगा।
अब वे संकट नहीं रहेंगे,
सहा खूब, अब नहीं सहेंगे।
इक भैंस दुधारू ला दूंगा,
बिटिया की शादी कर दूंगा।।

पका, बाजरा खूब बिकेगा,
छाछ मिलेगी, दूध बिकेगा।
घर खर्चो में रख तंगाई ।
घर वर देखूँ, करूँ सगाई।
इक कमरा भी बनवा लूंगा,
बिटिया की शादी कर दूंगा।।

आस दीवाली मौज मनाऊं,
सबको ही कपड़े दिलवाऊं।
फसल पके जो खूब निरोगी।
मौसम आए नहीं कुयोगी।
गृहिणी को झुमके ला दूंगा,
बिटिया की शादी कर दूंगा।।
. °°°°°°°°
✍✍©
बाबू लाल शर्मा”बौहरा”
सिकन्दरा,दौसा,राज.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top