पितृ पक्ष पर कविता 2021 -राजेश पान्डेय वत्स (मनहरण घनाक्षरी)

हम यहाँ पर आपको पितृ पक्ष पर कविता प्रस्तुत कर रहे हैं आशा है आपको यह पसंद आएगी .

कविता 1.

झिलमिल उजियारी,समीप शरद ऋतु, 
मणि जैसे ओस पड़े, 
बिछे हुये घास में!

तेज चले चुस्त लोग, कुछ दिखे लगा योग, 
अम्बर की ओर ताके, 
सूरज की आस में!

धीमे धीमे वृताकार, लाल रंग लिये हुये, 
खिली कली खुश मन, 
फूलों के सुवास में!

दिनकर देख नैन, शुभ भोर गई रैन, 
वत्स गा ले राम गान, 
पितृ पक्ष मास में!

–राजेश पान्डेय वत्स!

कविता 2. 

आया जब पितृपक्ष, बनाते हलवा पूरी |
बड़ा फरा के भोग, बिजौरी भूरी -भूरी ||
उत्सव का माहौल, दशम दिन तक रहता है |
पितर पक्ष का भोग, रोज कागा चखता है ||
घर पर दादी भूख से, देखो अकुलाती रही |
मृतकों को दे भोज सब, दादी मुरझाती रही ||


जीते जी दुत्कार, मृत्य पर रोते धोते |
दिये न रोटी दाल, मृत्यु पर भोज चढ़ाते ||
चलता रहा कुरीत, आँख मूँदे अपनाते |
करते कितने ढ़ोग, हाय फिर भी इठलाते ||
क्यों आडम्बर में बहे, तेरी फितरत यह नहीं |
भोजन भूखे को खिला, पितर तृप्त होंगे वहीं ||


भूलो मत यह बात , आत्म से मानव जागो |
लगे बुरी जो रीत, उसे तत्क्षण ही त्यागो ||
तोड़ दीजिए रीत , करो साहस हे मनुजों |
भूखे को दो भोज, कसम ले लो हे अनुजों ||
कहो करोगे काम यह, छोड़ों काले काग को |
फेंक कुसंस्कृत रीत को, अपना पाक विभाग को ||

सुकमोती चौहान रुचि
बिछिया, महासमुंद, छ. ग.

You might also like