पृथ्वी दिवस: धरती हमारी माँ

पृथ्वी दिवस: धरती हमारी माँ

हमको दुलारती है
धरती हमारी माँ।
आँचल पसारती है
धरती हमारी माँ।

बचपन मे मिट्टी खायी
फिर हम बड़े हुए।
जब पाँव इसने थामा
तब हम खड़े हुए।
ममता ही वारती है
धरती हमारी माँ।
हमको दुलारती है
धरती हमारी माँ।

तितली के पीछे भागे
कलियाँ चुने भी हम।
गोदी में इसकी खेले,
दौड़े,गिरे भी हम।
भूलें सुधारती है
धरती हमारी माँ।
हमको दुलारती है
धरती हमारी माँ।

अन्न धन इसी से पाकर
जीते हैं हम सभी।
पावन हैं इसकी नदियाँ
पीते हैं जल सभी।
जीवन संवारती है
धरती हमारी माँ।
हमको दुलारती है
धरती हमारी माँ।

धरती का ऋण है हम पर
आओ चुकाएं हम।
फैलायें ना प्रदूषण
पौधे लगायें हम।
सुनलो पुकारती है
धरती हमारी माँ।
हमको दुलारती है
धरती हमारी माँ।


सुश्री गीता उपाध्याय
पता:—रायगढ़ (छ.ग.)

कविता बहार

"कविता बहार" हिंदी कविता का लिखित संग्रह [ Collection of Hindi poems] है। जिसे भावी पीढ़ियों के लिए अमूल्य निधि के रूप में संजोया जा रहा है। कवियों के नाम, प्रतिष्ठा बनाये रखने के लिए कविता बहार प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply