चार धागे

भाई- बहिन का रिश्ता कितना पावन है,
रिश्तों के झुरमुट में देखो मन भावन है।
सब रिश्ते स्वार्थ की दहलीज तक ही हैं,
भाई- बहिन का रिश्ता निस्वार्थ सावन है।
महज चार धागों का बंधन नहीं है भला,
विश्वास का पैग़ाम है और रक्षा की बेला।
भाई के लिए बहिन तोहफा है अनमोल,
बहिन महफ़ूज है जो उसको भाई मिला।
बचपन बिता गुड़िया और खेल खिलौने,
रूठना और मनाना,वो हंसीं सपने सलोने।
बड़े होकर भी नहीं भूले हैं जो अपनापन,
राखी के बंधन का फर्ज आऊंगा निभाने।
तेरी शादी करके तुझे अलविदा कह दिया,
भाई ने हंसकर बिछुड़ने का ग़म सह लिया।
संसार में तेरे हमेशा खुश रहना मेरी बहिन,
खुशियां तुझे मिले दुआ में रब से कह दिया।
राखी का बंधन भी देखो “नदीम” अनोखा है,
भाई- बहिन रिश्ते की मिठास का झरोखा है।
एक- दूजे के लिए जान न्यौछावर कर देते है,
ये रिश्ता सलामत रहे तमाम् उम्र सरीखा है।
नदीम सिद्दीक़ी, राजस्थान
Leave a Reply